हैदराबाद , मई 11 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के तेलंगाना प्रदेश सचिव जॉन वेस्ले ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि हैदराबाद में जनसभा के दौरान उनके भाषण ने तेलंगाना की जनता को निराश किया है।

अपने बयान में श्री जॉन वेस्ले ने कहा कि प्रधानमंत्री राज्य से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर बोलने में विफल रहे। इनमें बय्याराम स्टील फैक्ट्री, पालमुरू-रंगा रेड्डी परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देना, पिछड़ा वर्ग के लिए 42 प्रतिशत आरक्षण लागू करना और तेलंगाना को मिलने वाले केंद्रीय कोष में कटौती जैसे विषय शामिल थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के लिए राज्य को भाजपा के साथ 'हाथ मिलाने' का सुझाव देने वाली श्री मोदी की टिप्पणी संविधान की भावना और सहकारी संघवाद के विरुद्ध है। माकपा नेता ने ईंधन की खपत कम करने, अनावश्यक खर्च से बचने और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के प्रधानमंत्री के सुझाव की भी आलोचना की और केंद्र पर आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

श्री जॉन वेस्ले ने आगे आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार बिजली संशोधन विधेयक और श्रम संहिताओं जैसे उपायों के माध्यम से श्रमिक विरोधी और निजीकरण की नीतियों को आगे बढ़ा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित