कृष्णनगर , मार्च 20 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में पार्टी के आंतरिक कलह पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन सात सदस्यों को निष्कासित कर दिया जिन पर आगामी विधानसभा चुनावों के लिए तमन्ना खातून की मां सबीना यास्मिन के नामांकन पर विवाद के बाद कालीगंज स्थानीय कार्यालय में तोड़फोड़ करने का आरोप है।

नदिया जिला सचिव मेघलाल शेख द्वारा जारी एक बयान में सैदुल शेख, सेंटू शेख, जहीरुद्दीन अहमद, अजय सरकार, मोदस्सर मीर, एम. रहमान और हनीफ मोहम्मद को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित करने की घोषणा की गयी है। यह अनुशासनात्मक कार्रवाई पार्टी कार्यालय में भड़की हिंसा के तीन दिन बाद की गई है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर पहले चरण के उम्मीदवारों की घोषणा के तुरंत बाद माकपा कार्यालय में प्रवेश किया और श्रीमती यास्मिन के चयन के विरोध में कुर्सियां और मेजें तोड़कर फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया।

राजनीतिक पर्यवेक्षक इस त्वरित अनुशासनात्मक कार्रवाई को पार्टी नेतृत्व द्वारा अनुशासनहीनता के खिलाफ कड़ा संदेश देने और चुनाव से पहले असंतोष पर लगाम लगाने के प्रयास के रूप में देख रहे हैं।

विवाद मंगलवार को तब शुरू हुआ जब वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस ने पहले चरण में 192 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की, जिसमें कालीगंज से श्रीमती यास्मिन के नामांकन ने विशेष ध्यान आकर्षित किया। उल्लेखनीय है कि श्रीमती यास्मिन की नौ वर्षीय बेटी तमन्ना खातून पिछले साल एक बम हमले में मारी गई थी।

तमन्ना की मृत्यु पिछले साल कालीगंज विधानसभा उपचुनाव के परिणामों के दिन हुई थी, जब कथित तौर पर विजय जुलूस के दौरान फेंका गया एक बम उनके घर के पास गिरा था। परिवार स्थानीय स्तर पर माकपा समर्थक के रूप में जाना जाता था। श्रीमती यास्मिन ने पहले राज्य सरकार द्वारा दी गई वित्तीय सहायता को लेने से इनकार कर दिया था, जिसने व्यापक रूप से लोगों का ध्यान आकर्षित किया था।

हालांकि, इस नामांकन ने स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के एक वर्ग के बीच असंतोष पैदा कर दिया था। तृणमूल कांग्रेस सहित विभिन्न विपक्षी दलों ने भी माकपा पर बच्चे की मौत का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया, जिसे वामपंथी नेतृत्व ने खारिज कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित