लातेहार , दिसंबर 22 -- झारखंड के लातेहार जिला अंतर्गत चंदवा व लोहरदगा जिले की सेन्हा थाना पुलिस की टीम द्वारा थाना क्षेत्र के हेसला बांझी टोला गांव में माओवादी रविन्द्र गंझू के घर व आसपास इश्तेहार चिपकाया गया।

यह इश्तेहार न्यायालय के आदेशानुसार किस्को थाना कांड संख्या 38/2019 के आलोक में की गई है। पुलिस ने बताया कि उक्त मामले में फरार आरोपी रविंद्र गंझू के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 148, 149, 385, 427, 435, आर्म्स एक्ट की धारा 25 (1-बी), 26, सीएलए एक्ट की धारा 17 तथा यूएपी एक्ट की धारा 10/13 के तहत गंभीर आरोप हैं। आरोपी के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था लेकिन वह फरार चल रहा है अथवा स्वयं को छिपा रहा है।

इसी के मद्देनजर न्यायालय ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 82 के तहत उसके खिलाफ उद्घोषणा (इश्तेहार) जारी किया है। जारी इश्तेहार के माध्यम से रविन्द्र गंझू को निर्देश दिया गया है कि वह 17 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे लोहरदगा स्थित सत्र न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखे। निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं होने की स्थिति में आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई का निर्देश न्यायालय द्वारा जारी किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित