बीजापुर, दिसम्बर 29 -- छत्तीसगढ के बीजापुर जिले के भोपालपटनम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कांडलापर्ती में सुरक्षा बलों ने माओवादियों की एक बड़ी साजिश को समय रहते विफल कर दिया। केरिपु 214 बटालियन कैम्प कांडलापर्ती एवं जिला बल की संयुक्त कार्यवाही में माओवादी डम्प तथा 5 किलोग्राम वजनी आईईडी बरामद कर मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट किया गया। यह कार्रवाई 28 दिसंबर को सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान के दौरान की गई थी।

एसपी कार्यालय से सोमवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, केरिपु 214 वाहिनी और जिला बल की संयुक्त टीम कांडलापर्ती क्षेत्र में नियमित सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। अभियान के दौरान डीमाईनिंग कार्यवाही करते हुए कांडलापर्ती रोड से कुछ दूरी पर पगडंडी मार्ग में माओवादियों द्वारा लगाया गया शक्तिशाली आईईडी बरामद हुआ। सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए केरिपु 214 की बीडीडी टीम ने आईईडी को मौके पर ही निष्क्रिय कर सुरक्षित रूप से नष्ट किया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि की आशंका टल गई।

आईईडी निष्क्रियकरण के बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया।

इस दौरान माओवादियों का एक डम्प बरामद किया गया, जिसमें 20 नग पटाखे एवं सुतली बम, वायरलेस सेट की बैटरी, मोबाइल बैटरी व चार्जर, कार्डेक्स वायर, प्रेशर स्विच, माओवादी वर्दी, बिजली के तार, विभिन्न उपकरण, तिरपाल तथा माओवादी दस्तावेज और अन्य सामग्री शामिल हैं। बरामद सामग्री से स्पष्ट है कि माओवादी सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की तैयारी में थे।

सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि बलों की सतर्कता, सूझ-बूझ और त्वरित कार्रवाई से माओवादियों के नापाक मंसूबों को विफल किया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सर्चिंग, एरिया डॉमिनेशन और माओवादी विरोधी अभियान लगातार जारी रहेंगे। साथ ही स्थानीय लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित