सहारनपुर , दिसंबर 30 -- सहारनपुर के मां शाकुम्बरी विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के भवनों का लोकार्पण बहुत शीघ्र होगा। संभावना है कि लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
कुलपति प्रो बिमला बाई ने आज बताया कि लोकार्पण के संबंध में वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिली थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बताया कि लोकार्पण कार्यक्रम जल्द ही तय कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री की इच्छा है कि मां शाकुम्बरी विश्वविद्यालय का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाए।
इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास दो दिसंबर 2021 को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया था। राजकीय विश्वविद्यालय होने के कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस विश्वविद्यालय के प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री लोकार्पण समारोह कार्यक्रम को बहुत ही भव्य और यादगार बनाना चाहते हैं। योगी आदित्यनाथ ने ही बतौर मुख्यमंत्री सहारनपुर को इस विश्वविद्यालय की सौगात दी थी। अभी तक इस विश्वविद्यालय के तीन दीक्षांत समारोह आयोजित हो चुके हैं और तीनों की अध्यक्षता कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने की है।
इस विश्वविद्यालय के भवनों के निर्माण के लिए इसके पैतृक विश्वविद्यालय चौधरी चरणसिंह यूनिवर्सिटी मेरठ ने 100 करोड़ रूपए की धनराशि प्रदान की थी। निर्माण कार्यों पर 92 करोड़ रूपए व्यय हो चुके हैं। पानी की निकासी और नाले के निर्माण का कार्य अभी शेष है। यह विश्वविद्यालय अभी शैशव वाली अवस्था में है।
आचार्यों, सहायक आचार्यों और सह आचार्यों के कुल 92 पद स्वीकृत हैं। लेकिन अभी किसी भी पद पर नियमित शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो पाई है। कुलपति प्रो0 बिमला कहती हैं कि बतौर अतिथि 67 शिक्षक पदों पर आचार्य, सहायक आचार्य और सह आचार्य शिक्षण कार्य संचालित कर रहे हैं। इनमें 28 प्रोफेसर यानि आचार्य, 32 सहायक प्रोफेसर और 32 ही सह आचार्य शामिल हैं। नियुक्तियों के लिए प्रक्रिया शुरू है। इससे पूर्व नियुक्तियों के लिए जो विज्ञापन तैयार किया गया था त्रुटियों के कारण उसे रद्द कर दिया गया था। पुस्तकालय अध्यक्ष का पद भी अभी नहीं भरा है। उस पद पर भी अडहोक बेसिस पर काम लिया जा रहा है।
दिलचस्प बात यह है कि इस यूनिवर्सिटी का जब शिलान्यास हुआ उस वक्त तक इसके कुलपति की नियुक्ति भी नहीं हो पाई थी। इसके पहले कुलपति विद्वान प्रोफेसर डा0 ह्दय शंकर सिंह की 30 दिसंबर 2021 को नियुक्ति हुई थी। अभी तक इस विश्वविद्यालय के तीन दीक्षांत समारोह आयोजित हो चुके हैं। तीनों की अध्यक्षता राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने की थी। सीमित संसाधनों और कार्मिकों की अल्प संख्या के बावजूद इस विश्वविद्यालय में 115000 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इसी वर्ष 4 अप्रैल को विश्वविद्यालय परिसर में विशाल हस्तशिल्प मेले का आयोजन किया गया था। 9 मई को रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित