लखनऊ , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह बलरामपुर जिले के तुलसीपुर स्थित प्रसिद्ध देवी शक्तिपीठ माँ पाटेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। गोरक्षपीठाधीश्वर ने मां पाटेश्वरी की आरती उतारकर प्रदेशवासियों के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को बलरामपुर पहुंचे थे और उन्होंने मंदिर परिसर में ही रात्रि विश्राम किया। गुरुवार सुबह उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और आगामी चैत्र नवरात्रि से पहले मंदिर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में आए श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोमाता को गुड़ और चारा खिलाया तथा गोशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से नवरात्रि मेले की तैयारियों के बारे में जानकारी भी ली।

इस अवसर पर मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी तथा कालीबाड़ी मंदिर के महंत रविंद्र दास भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित