दंतेवाड़ा , दिसंबर 17 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा के जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) बिहान योजना अंतर्गत गठित मां दंतेश्वरी महिला किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड की वार्षिक आमसभा सह सम्मेलन का आयोजन विकासखंड कुआकोंडा के रीपा नकुलनार परिसर में किया गया।

इस अवसर पर समुदाय आधारित प्रशिक्षण केंद्र का विधिवत उद्घाटन भी किया गया, जिससे क्षेत्र की महिला किसानों को प्रशिक्षण एवं आजीविका संवर्धन में नई दिशा मिलेगी।

जिला पीआरओ की बुधवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने महिला दीदियों का उत्साहवर्धन करते हुए उत्पादक समूहों से जुड़ी दीदियों को लाभांश राशि के चेक वितरित किए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह गर्व का विषय है कि दंतेवाड़ा जिले की महिलाएं छोटी बचत से आगे बढ़ते हुए आज एक सशक्त किसान उत्पादक कंपनी का संचालन कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह कंपनी करोड़ों रुपये के वार्षिक टर्नओवर के साथ जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी।

एनआरएलएम मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक नितेश कुमार देवांगन ने कंपनी की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि बीते वित्तीय वर्ष में विभिन्न उत्पादों के क्रय-विक्रय से उल्लेखनीय लाभ अर्जित किया गया है। उन्होंने बताया कि यह छत्तीसगढ़ की पहली महिला किसान उत्पादक कंपनी है, जिसने अपने शेयरधारकों को 1.50 लाख रुपये से अधिक का लाभांश वितरित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित