बैतूल , दिसंबर 16 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई स्थित मां ताप्ती नदी के उद्गम स्थल की भूमि से जुड़े राजस्व रिकॉर्ड में गंभीर गड़बड़ी और अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ताप्ती विकास प्राधिकरण समिति ने कलेक्टर जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है। समिति का आरोप है कि नदी के प्राकृतिक प्रवाह क्षेत्र की भूमि के रिकॉर्ड में वर्षों से हेरफेर की गई है, जिससे धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची है और भविष्य में बड़ी आपदा की आशंका भी बढ़ गई है।
ताप्ती विकास प्राधिकरण समिति मुलताई की ओर से दीपक कालभोर ने जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान हिन्दू सेना के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। आवेदन में उल्लेख किया गया कि वर्ष 1917-18 के खसरा रिकॉर्ड में खसरा नंबर 242, रकबा 0.58 हेक्टेयर, "तासी नदी पानी के नीचे" दर्ज था, जो मां ताप्ती नदी के प्राकृतिक प्रवाह क्षेत्र का हिस्सा था।
समिति के अनुसार वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में इसी खसरा नंबर 242 को 242/1 (0.38 हेक्टेयर), 242/2 (0.10 हेक्टेयर) और 242/3 (0.10 हेक्टेयर) में विभाजित कर दिया गया। आरोप है कि इस प्रक्रिया से नदी के प्रवाह क्षेत्र को टुकड़ों में बांटकर नियमों के विपरीत दर्ज किया गया।
शिकायत में बताया गया कि वर्ष 1972-73 के रिकॉर्ड में खसरा नंबर 240 और 242/3 को मिलाकर नया खसरा नंबर 560 बना दिया गया। इसके बाद मां ताप्ती नदी के प्रवाह क्षेत्र की भूमि किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज हो गई, जिससे नदी की जमीन पर निजी स्वामित्व दर्ज होने की स्थिति बन गई।
समिति का कहना है कि नदी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित होने से मां ताप्ती कुंड का जल बहाव रुक गया है। बारिश के समय कुंड का पानी ऊपर से बहकर आसपास स्थित प्राचीन मंदिरों और रिहायशी क्षेत्रों में भर जाता है। इससे तासी तालाब में दरारें पड़ चुकी हैं और अत्यधिक दबाव के कारण तालाब के टूटने तथा जनहानि की आशंका बनी हुई है।
ताप्ती विकास प्राधिकरण समिति ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, मां ताप्ती नदी के प्राकृतिक प्रवाह को पुनः बहाल किया जाए और अवैध रूप से दर्ज की गई भूमि को फिर से नदी के नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज किया जाए, ताकि धार्मिक धरोहरों की रक्षा हो सके और स्थानीय नागरिकों को संभावित आपदा से बचाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित