रांची , फरवरी 07 -- झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री सह स्थानीय विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने शनिवार को बेड़ो प्रखंड के तुको और नरकोपी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के साथ तुतलो में पंचायत सचिवालय भवन निर्माण योजना का शिलान्यास किया।

सुश्री तिर्की ने इस मौके पर कहा कि मांडर विधानसभा क्षेत्र का निरंतर विकास हो रहा है। विकास योजनाओं की श्रृंखला में आज बारी बेड़ो प्रखंड की है। उन्होंने कहा कि जनता की मांग और जरूरत के मद्देनजर पूरी ईमानदारी से योजना का चयन किया जाता है। ताकि योजना का ज्यादा से ज्यादा लाभ किसानों को मिल सके। ऐसे में संवेदकों को भी योजना निर्माण के वक्त गुणवत्तापूर्ण का खास ख्याल रखना होगा।

सुश्री तिर्की ने कहा कि कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के द्वारा किसानों एवं ग्रामीणों के हित में कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं। खेत की सिंचाई के लिए सोलर पंप से लेकर पशुपालन के लिए गाय-बकरी का वितरण और मत्स्य पालन के लिए सरकार योजनाएं चला रही है। इतना ही नहीं सब्सिडी पर ट्रैक्टर वितरण योजना का लाभ अब महिलाएं भी उठा रही है।

मंत्री सुश्री तिर्की ने कहा कि आधुनिक खेती का प्रशिक्षण के लिए विभाग ने किसानों के समक्ष खुला विकल्प रखा है। राज्य के अंदर प्रशिक्षण की बात हो या दूसरे राज्य में जा कर आधुनिक कृषि का प्रशिक्षण लेने की, विभाग किसानों को हर तरह का सहयोग करने को हमेशा तैयार है। शिलान्यास कार्यक्रम में बेड़ो उप प्रमुख मुद्दसिर हक, जिला परिषद बेरिनिका उरांव, मोहम्मद फहीम, शंभू बैठा, मीर मुस्लिम, माधुरी उरांव, नसीमा खातून, बबलू आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित