महोबा , मार्च 20 -- उत्तर प्रदेश मे महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र मे शुक्रवार को एक विधवा महिला की उसके ससुर ने लोहे के राड से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस उप अधीक्षक दीपक दुबे ने बताया कि कुरौराडांग गांव के निवासी दयाराम पाल की विधवा बहू (38) देवकली भूसा बेच कर घर वापस लौटी थी। आरोप है कि इसी दौरान ससुर दयाराम ने अचानक उस पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी लाया गया. जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल महोबा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतका के पिता लखन ने थाना चरखारी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री के पति आशाराम की मृत्यु फरवरी 2025 में प्रयागराज कुंभ मेले की भगदड़ में हो गयी थी। इसके बाद से ससुर दयाराम उस पर गलत नजर रखता था। पिता के अनुसार पहले भी इस संबंध में परिवार और गांव के लोगों की मौजूदगी में समझौता कराया गया था, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।

तहरीर में आरोप लगाया गया कि घटना वाले दिन दयाराम ने गलत नियत से महिला को पकड़ने की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर दयाराम के दो पुत्र कीरत और योगेंद्र भी मौके पर पहुंचे और तीनों ने मिलकर लोहे की रॉड से हमला किया। घटना के समय मृतका की पुत्री प्रतिज्ञा भी मौके पर मौजूद थी। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद मोटरसाइकिल से भागा और बाद में उसके राठ क्षेत्र में दुर्घटना मे घायल होने की सूचना मिली.लेकिन पुलिस पहुंचने से पहले वह वहां से भी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित