महोबा , दिसंबर 30 -- उत्तर प्रदेश में महोबा के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक हैरत अंगेज घटना में एक घरेलू नौकर ने सम्पत्ति के लालच में कथित रूप से अपने मालिक को पांच साल से घर में ही बंधक रख उत्पीड़न करते हुये मौत की राह में धकेल दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच गृहस्वामी की मंदबुद्धि युवा पुत्री को एक अँधेरे कमरे से जीवित कंकाल के रूप में नग्न हालत में बरामद किया है। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने मंगलवार को बताया कि मुख्यालय के न्यू सिटी इलाके में रेलवे से सेवा निवृत्त सीनियर क्लर्क 70 वर्षीय ओम प्रकाश राठौर अपनी 27 वर्षीय मंदबुद्धि पुत्री रश्मि के साथ वर्ष 2016 से मकान बना कर अपने परिवार से अलग रह रहे थे। उन्होंने अपनी देखभाल के लिए एक कुशवाहा दम्पति राम प्रकाश व रामदेवी को बतौर नौकर घर में रख लिया था. आरोप है कि उक्त नौकर व उसकी पत्नी ने सम्पत्ति की लालच में रिटायर कर्मी और उसकी पुत्री को मकान में बंधक बना दिया और उनकी देखभाल की बजाय भोजन न देकर भूखा रखते हुये पिता पुत्री का उत्पीड़न किया. जिससे तिल तिल कर शारीरिक रूप से टूट गए ओम प्रकाश की कल रात मौत हो गयी। उन्होने बताया की ओम प्रकाश की मौत की सूचना पाकर जुटे परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मकान की तलाशी में ओम प्रकाश की पुत्री को एक अंधेरे कमरे में जीवित कंकाल के रूप में नग्न अवस्था में बरामद किया है। माना जा रहा है की भोजन न मिलने के कारण कुपोषण से उसकी हालत खराब होकर शरीर में केवल हड्डियां बची थी. जिससे युवती रश्मि मौत के मुहाने पर पहुंच गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित