महोबा , फरवरी 3 -- उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को कथित रूप से बंधक बनाए जाने के विवाद के बीच चरखारी से भाजपा विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने मंगलवार को अपने बगावती तेवर बरकरार रखते हुए कहा कि जनसमस्याओं को लेकर नेताओं का घेराव करना उनके लिए कोई नई बात नहीं है।

एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों पर संघर्ष करते हुए वह पहले भी अधिकारियों को चूड़ियां भेंट कर चुके हैं और पेटीकोट पहनाकर विरोध जता चुके हैं।

विधायक ने कहा कि मंत्री जनता के प्रतिनिधि हैं और जनता उनसे कहीं भी अपनी बात कह सकती है। उन्होंने दावा किया कि विधायक बनने से पहले अपने संगठन 'बुंदेलखंड अधिकार सेना' के बैनर तले उन्होंने तत्कालीन केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य का भी विरोध किया था। हालांकि भाजपा में शामिल होने के बाद वह पार्टी अनुशासन का पालन कर रहे हैं और अपने क्षेत्र की आवाज उठाना अनुशासनहीनता नहीं है।

ब्रजभूषण राजपूत ने जल जीवन मिशन पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जिले में योजना का केवल 50-60 प्रतिशत काम ही पूरा हुआ है, जबकि कागजों में इसे लगभग पूर्ण बताया जा रहा है। गांवों में पाइपलाइन बिछी है, लेकिन पानी नहीं पहुंच रहा। सड़कों की मरम्मत भी खानापूरी बताई गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो पानी के मुद्दे पर फिर से आंदोलन किया जाएगा और इस बार निशाने पर संबंधित अधिकारी होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित