महोबा , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की 18 फरवरी से शुरु हो रही हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए महोबा जिले में कुल 29 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

मंगलवार को जिलाधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया कि निर्धारित केंद्रों में 8 राजकीय, 8 अशासकीय सहायता प्राप्त तथा 13 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। तहसीलवार केंद्रों की संख्या इस प्रकार है-तहसील महोबा में 13, चरखारी में 5 तथा कुलपहाड़ में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जनपद में किसी भी केंद्र को संवेदनशील या अतिसंवेदनशील श्रेणी में नहीं रखा गया है।

वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में जनपद से हाईस्कूल के 12,018 तथा इंटरमीडिएट के 9,920 सहित कुल 21,938 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जनपद को 3 जोन और 9 सेक्टर में विभाजित किया गया है। इसके तहत 3 जोनल मजिस्ट्रेट, 9 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 29 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर 29 केंद्र व्यवस्थापक और 29 बाह्य केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किए गए हैं।

परीक्षाओं की सतत निगरानी के लिए चार विभागीय सचल दल गठित किए गए हैं। प्रथम दल का नेतृत्व जिला विद्यालय निरीक्षक, द्वितीय का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, तृतीय का वित्त एवं लेखाधिकारी (मा०) कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक तथा चतुर्थ दल का नेतृत्व पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, कनकुआ के प्रधानाचार्य करेंगे। केंद्र व्यवस्थापकों की मांग के अनुसार कक्ष निरीक्षकों की तैनाती भी की जा चुकी है।

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा की मॉनिटरिंग के लिये जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 14 फरवरी से क्रियाशील है। 29 में से 18 केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं पहुंचा दी गई हैं, जबकि शेष केंद्रों पर वितरण की प्रक्रिया जारी है। प्रश्नपत्र भी शीघ्र संबंधित केंद्रों पर पहुंचाए जाएंगे और उन्हें डबल लॉक युक्त स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। इनकी निगरानी नाइट विजन एवं वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है।

परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, परिवहन और आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित