महोबा , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में पनवाड़ी क्षेत्र के हैवतपुरा बाईपास स्थित नाले में मंगलवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस उपाधीक्षक रविकांत गौड़ ने बताया कि झांसी-मिर्जापुर मार्ग पर स्थित नाले में 26 वर्षीय हरदयाल का शव बरामद किया गया। शव पर जलने के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल मृतक के घर के पिछवाड़े स्थित है। परिजनों के अनुसार हरदयाल रात में भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। इसके बाद वह कब और कैसे घटनास्थल तक पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के खुलासे के लिए परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलित किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार मृतक के आचरण और मित्र मंडली के संबंध में स्पष्ट जानकारी न मिलने से मामला संदिग्ध बना हुआ है।

उल्लेखनीय है कि जिले में एक ही दिन में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले महोबा मुख्यालय के सुभाष नगर क्षेत्र में सुबह 22 वर्षीय युवती प्रियंका का शव उसके घर के पास सुनसान इलाके से बरामद किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित