हाजीपुर , फरवरी 18 -- ूर्व मध्य रेल ने रेल कर्मचारियों एवं अधिकारियों को पटना में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित रेल आवास की सुविधा मुहैया कराने की योजना बनाई है।

पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह की अध्यक्षता में आज एक उच्चस्तरीय बैठक की गयी जिसमें प्रस्तावित योजना के सभी पहलुओं पर गहन विचार विमर्श किया गया। प्रस्तावित योजना के तहत महेन्द्रूघाट, पटना में निर्माण विभाग के लिये अतिरिक्त कार्यालय भवन एवं निर्माण विभाग तथा दानापुर मंडल के कर्मचारियों के लिये टाईप-4 के 12 यूनिट तथा टाईप-3 के 88 यूनिट रेल आवासों का निर्माण किया जाएगा। इसके तहत टाईप-4 के लिये बनाये जाने वाले टावर में 06 फ्लोर होंगे जिसमें प्रत्येक फ्लोर पर 02 रेल आवास होंगे।

इसी तरह टाईप-3 के लिये 02 टावर बनाये जाएंगे, जिनमें प्रत्येक टावर में 11 फ्लोर होंगे तथा प्रत्येक फ्लोर पर 04 रेल आवास होंगे । साथ ही इन टावरों में 200 गाड़ियों के पार्किंग का प्रावधान भी किया जाएगा । यहां पर पंप रूम के साथ फायर फाइटिंग टैंक, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, डीजल जेनरेटर तथा केन्द्रीयकृत पैनल रूम आदि का निर्माण भी किया जाएगा ।

इसी तरह करबिगहिया, पटना में पूर्व मध्य रेल, मुख्यालय के अधिकारियों हेतु 56 यूनिट रेल आवासों का निर्माण किया जाएगा। इसके तहत टाईप-5 के लिये बनाये जाने वाले टावर में 07 फ्लोर होंगे जिसमें प्रत्येक फ्लोर पर 04 रेल आवास होंगे । इसी तरह टाईप-6 के लिये 02 टावर बनाये जाएंगे जिनमें प्रत्येक टावर में 07 फ्लोर होंगे तथा प्रत्येक फ्लोर पर 02 रेल आवास होंगे । साथ ही इन टावरों में 196 गाड़ियों के पार्किंग का प्रावधान भी किया जाएगा । अन्य सुविधाओं के साथ ही यहां 08 दुकान एवं 01 रेस्टारेंट का भी निर्माण किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित