चंडीगढ़ , मार्च 26 -- हरियाणा के महेंद्रगढ़ में सामने आए सरसों बारदाना घोटाले को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलता का उदाहरण बताया है।
श्री सिंह ने आरोप लगाया कि किसानों के हितों की अनदेखी की जा रही है और खरीद प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि बारदाना जैसी बुनियादी व्यवस्था में गड़बड़ी यह दर्शाती है कि पूरा तंत्र कमजोर पड़ चुका है।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते पारदर्शिता और सख्त निगरानी रखी जाती, तो इस तरह के मामले सामने नहीं आते। उन्होंने इस प्रकरण को सुनियोजित भ्रष्टाचार करार देते हुए सरकार से उच्चस्तरीय जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और किसानों को हुए नुकसान की भरपाई की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस इस मुद्दे पर आंदोलन करेगी।
इधर, महेंद्रगढ़ के किसानों में भी इस मामले को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। किसान निष्पक्ष जांच और पारदर्शी खरीद प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं। मामले के राजनीतिक रंग लेने के कारण आने वाले दिनों में इसके और तूल पकड़ने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित