बैतूल , अप्रैल 5 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में महुआ बीनने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी शाहपुर के मार्गदर्शन में चिचोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सिंगरईखापा निवासी लक्ष्मी धुर्वे (48) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खेत की मेड़ पर लगे महुआ के पेड़ से बीनने को लेकर उनके पति खुड्डा धुर्वे और पड़ोसी राकेश धुर्वे के बीच विवाद हो गया। घटना तीन अप्रैल की सुबह की है, जब खुड्डा धुर्वे महुआ बीनने खेत गए थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी राकेश धुर्वे ने गाली-गलौज करते हुए खुड्डा धुर्वे के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। गंभीर रूप से घायल खुड्डा धुर्वे को उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने पहले मर्ग कायम कर मारपीट का मामला दर्ज किया था, लेकिन मृत्यु के बाद प्रकरण को हत्या में परिवर्तित कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित