धमतरी , मार्च 28 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के जंगल क्षेत्र में महुआ बीनने गई एक महिला पर भालुओं के हमले का मामला आज सामने आया है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खैरडिगी निवासी अनार बाई नेताम महुआ सीजन के दौरान अपने पुत्र के साथ जंगल गई थीं। दोनों अलग-अलग पेड़ों के नीचे महुआ बीन रहे थे, तभी अचानक तीन भालुओं ने महिला पर हमला कर दिया। हमले में भालुओं ने महिला के बाएं पैर पर गंभीर चोट पहुंचाई।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग निकले। ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल धमतरी जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है।

डॉक्टर राजेश सूर्यवंशी के कहा कि, घायल महिला को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया है। उनके बाएं पैर में गहरी चोटें आई हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल मरीज की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित