भीलवाड़ा , फरवरी 18 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के भीमगंज थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने का मामला सामने आया है।

पुलिस उप निरीक्षक शंकर सिंह ने बुधवार को बताया कि पीड़िता ने शिकायत की कि वह एक गोदाम पर काम करती है, जहां उसकी जान पहचान जानिसार अख्तर उर्फ सोनू (43) से हुई। उसने महिला को संतान सुख का झांसा देकर ताबीज बना कर दिया और बदले में करीब 1100 रुपये वसूले। इसके बाद आरोपी ने महिला को डराना-धमकाना शुरू कर दिया और धोखे से उसके अश्लील फोटो एवं वीडियो बना लिये।

उन्होंने बताया कि पीड़िता ने बताया है कि आरोपी ने इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उससे दुष्कर्म किया और साथ चलने एवं धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगा। उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर 13 फरवरी को पुलिस को शिकायत की।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले की गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर लिया और जांच के बाद जानिसार अख्तर को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश करके पुलिस हिरासत में लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित