मुरैना , मार्च 11 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिला मुख्यालय स्थित महिला सुधार गृह से एक महिला दो नाबालिग लड़कियों के साथ महिला वार्डन पर हमला कर फरार हो गईं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना बीती रात की है। महिला वार्डन रामस्नेही सोलंकी अपने कमरे में सो रही थीं, तभी वहां रह रही वर्षा जाटव नामक महिला ने उन पर हमला कर मारपीट की। इस दौरान साथ में मौजूद दो नाबालिग लड़कियों ने वार्डन से मुख्य द्वार की चाबी छीन ली और गेट का ताला खोलकर तीनों वहां से भाग निकलीं।

स्टेशन रोड थाना पुलिस के अनुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित बड़ोखर स्थित महिला सुधार गृह से पूर्व में भी कुछ लड़कियों के भागने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

वार्डन रामस्नेही सोलंकी के अनुसार दोनों नाबालिग लड़कियों को एक दिन पहले ही सुधार गृह में लाया गया था। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और फरार महिला तथा दोनों नाबालिगों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित