जयपुर , मार्च 14 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में शनिवार को शासन सचिवालय में आयोजित बैठक में महिला अधिकारिता निदेशालय द्वारा संचालित महिला अधिकारों के संरक्षण एवं महिला सशक्तीकरण की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान अधिकारियों ने महिला अधिकारिता निदेशालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन एवं योजनान्तर्गत आवंटित बजट एवं बजट में अब तक प्रगति की जानकारी दी गई।

श्रीमती दिया कुमारी ने महिला अधिकारिता निदेशालय द्वारा संचालित उड़ान योजना के तहत बालिकाओं और महिलाओं को दिए जाने वाले नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन आपूर्ति समयबद्धता से सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने सामूहिक विवाह अनुदान योजना के तहत योजना के दिशा निर्देशों एवं पोर्टल का अध्ययन करके उसे आमजन के लिये सुगम एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं के तहत भारत सरकार से बकाया बजट प्राप्त करके, बजट का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पिछले वर्ष की बजट घोषणाओं को समयबद्धता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने आगामी वित्त वर्ष की बजट घोषणाओं को भी समय पर पूर्ण करने के लिये आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत बालिकाओं को लाभान्वित करने के लिये योजना का प्रभावी पर्यवेक्षण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने विभाग द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों को रोजगारोन्मुखी बनाने के भी निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित