रामनगर,19फरवरी(वार्ता) उत्तराखंड के कॉर्बेट क्षेत्र में महिला रोजगार और पर्यटन से जुड़ी पहल को आगे बढ़ाने के लिए 50 महिला जिप्सी चालकों को कार्य दिए जाने की पूर्व घोषणा एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 50 महिला जिप्सी चालकों को अवसर देने की घोषणा की गई थी, जिसके तहत पिछले वर्ष 25 महिलाओं का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा भी कराया जा चुका है।

हालांकि योजना के तहत अभी 25 महिला चालकों का प्रशिक्षण होना शेष है, जिसे शीघ्र पूर्ण कराने की मांग अब तेज हो गई है। इसी क्रम में पूर्व नगर अध्यक्ष व भाजपा नेता मदन जोशी ने रामनगर पहुंचे वन मंत्री सुबोध उनियाल को ज्ञापन सौंपा और शेष 25 महिला जिप्सी चालकों के प्रशिक्षण को जल्द शुरू कराने की मांग उठाई।

उन्होंने कहा कि यह योजना स्थानीय महिलाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र में उनकी भागीदारी को भी मजबूत करेगी। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पहले प्रशिक्षित 25 महिला जिप्सी चालक कार्य के लिए तैयार हैं, जबकि शेष महिलाओं की ट्रेनिंग में देरी से योजना की गति प्रभावित हो रही है।

इसके अलावा मदन जोशी ने जिप्सी वाहनों के पीछे से हटाए गए लगेज स्टैंड को पुनः लगवाने का मुद्दा भी वन मंत्री के समक्ष उठाया। उनका कहना है कि पर्यटकों की सुविधा और संचालन व्यवस्था के लिए लगेज स्टैंड महत्वपूर्ण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित