भोपाल , दिसम्बर 29 -- मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कहा कि ब्लाइंड महिला टी-20 वर्ल्ड कप - 2025 की विजेता टीम की बेटियां महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है।

श्री पटेल सोमवार को राष्ट्रीय ब्लाइंड महिला टी-20 टीम की प्रदेश की खिलाड़ी सुश्री सुषमा पटेल, सुश्री सुनीता सराठे और सुश्री दुर्गा येवले से लोकभवन में चर्चा के दौरान कहा कि विजेता होना दिव्यांगजनों के हौसलें और दिव्यता का उत्कृष्ट उदाहरण है। बेटियों की उपलब्धि प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणा और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग महिला खिलाड़ियों ने मध्यप्रदेश और देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है।

इस अवसर पर श्री पटेल ने तीनों खिलाड़ियों का शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। उन्होंने खिलाड़ियों और उनके कोच का भी उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार भारतीय महिला (ब्लाइंड) क्रिकेट टीम ने 23 नवम्बर 2025 को कोलंबो में आयोजित टी-20 वर्ल्डकप के फ़ाइनल मैच में नेपाल को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इस राष्ट्रीय टीम में मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले की सुश्री सराठे , दमोह ज़िले की सुश्री पटेल और बैतुल ज़िले की सुश्री येवले प्रतिभावान खिलाड़ी शामिल रहीं हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित