रुद्रपुर , फरवरी 24 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता में पुलिस ने स्मैक के साथ एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात को प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र पंत की अगुवाई में नानकमत्ता पुलिस की टीम की ओर से सिद्धा नवादिया हाईवे के पास वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया।
मोटर साइकिल सवार महिला और युवक की तलाशी ली गई। दोनों से 14 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक की कीमत डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में स्मैक के स्रोत के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है, जिस पर अग्रिम विवेचना की जा रही है।
आरोपियों सोनू सिंह और सुनीता कौर निवासीगण ग्राम पुरनगढ़, नौगजा, कोतवाली नानकमत्ता, जनपद ऊधमसिंहनगर के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित