चंडीगढ़ , अप्रैल 18 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक के 54 वोटों से गिरने पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला और कहा कि विपक्षी दल महिलाओं की बढ़ती शक्ति से घबरा गए हैं और इसी डर के कारण उन्होंने इस महत्वपूर्ण विधेयक को गिरवा दिया। श्री विज ने इसे देशहित के खिलाफ कदम बताते हुए कहा कि यह विधेयक महिलाओं को उनका अधिकार देने और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को संतुलित करने के उद्देश्य से लाया गया था।

उन्होंने कहा कि लोकसभा सीटों का परिसीमन लंबे समय से लंबित है। वर्ष 1976 में देश की जनसंख्या करीब 56 करोड़ थी, जो अब बढ़कर लगभग 145 करोड़ हो चुकी है लेकिन सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ। श्री विज के अनुसार, आज 172 से अधिक सीटें ऐसी हैं जहां जनसंख्या 20 लाख से ज्यादा है, जिससे एक सांसद के लिए अपने क्षेत्र की सभी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना कठिन हो जाता है। ऐसे में परिसीमन अत्यंत आवश्यक है।

कांग्रेस नेता राहुल गाँधी की कथित दोहरी नागरिकता के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अदालत ने जांच के आदेश दिए हैं और सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। वहीं, दुष्यंत चौटाला के काफिले को रोके जाने के मामले में उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार का दायित्व है, साथ ही हर व्यक्ति के मान-सम्मान की रक्षा करना भी उतना ही जरूरी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित