रायबरेली , दिसंबर 20 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली के लालगंज इलाके में शनिवार को दलित समाज की बीएलओ महिला की बांके से काट कर हत्या का मामला सामने आया है। हत्या के बाद हत्यारे ने खुद भी जहर खाकर अपनी जान दे दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी लालगंज अमित सिंह ने बताया कि जगतपुर भिचकौरा में एक महिला और एक पुरुष के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सीमा पासी (36) के रूप में हुई है, जो दलित समुदाय से थीं और बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के पद पर कार्यरत थीं। सीमा का पति राजेंद्र पुणे में एक मिल में काम करता है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है।

पुलिस के अनुसार, राम सुमेरु रैदास (45) ने कथित तौर पर सीमा की हत्या करने के बाद जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित