श्रीगंगानगर , मार्च 09 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में एक महिला ने अपने पति से मनमुटाव के चलते उसके खिलाफ अपनी ही ढाई वर्षीय पुत्री से 'अश्लील हरकत' करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करके बच्ची का मेडिकल बोर्ड से जांच करवाई। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि बच्ची के साथ कोई गलत हरकत नहीं हुई है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि युवक बार टेंडर का काम करता है और उसकी पत्नी वाल्मीकि समाज से है। दोनों ने करीब चार वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों के ढाई वर्ष की बेटी है। पिछले कुछ महीनों से विवाद के चलते दोनों अलग-अलग रह रहे थे। बच्ची पत्नी के पास थी। पिछले हफ्ते होली के दिन पति अपनी बच्ची को लेने पीहर गया और बच्ची को अपने साथ घर ले आया। इसके बाद शनिवार को पत्नी बच्ची को लेने पति के घर पहुंची। वहां दोनों के बीच फिर से तीखी बहस और मामूली मारपीट हो गई।
पुलिस ने बताया कि पत्नी किसी तरह बच्ची को लेकर निकल भागी और सीधे जिला अस्पताल पहुंच गई। वहां उसने चिकित्सकाें को बताया कि उसकी बेटी के साथ पति ने गलत हरकत की है। अस्पताल स्टाफ ने बच्ची की प्राथमिक जांच करके तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची की जांच कराई तो चिकित्सकों ने किसी तरह की गलत हरकत होने से इन्कार कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने युवक को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित