लखनऊ , मार्च 8 -- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नारी शक्ति का सम्मान किया।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, सम्मान और रोजगार के अवसरों को एक साथ बढ़ावा दिया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं को चेक, नियुक्ति पत्र और आयुष्मान कार्ड प्रदान किए तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वाराणसी मंडल की महिलाओं से संवाद भी किया।
कार्यक्रम के दौरान 'पिंक रोजगार महाकुंभ-2026' के तहत 5000 से अधिक महिलाओं को रोजगार के प्रस्ताव मिले। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए बीमा प्रीमियम और साड़ी/वर्दी हेतु कुल 38.49 करोड़ रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में हस्तांतरित की। इसमें साड़ी और वर्दी के लिए 29.59 करोड़ रुपये तथा बीमा प्रीमियम के लिए 8.90 करोड़ रुपये शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रोजगार संगम पोर्टल के मोबाइल ऐप का भी शुभारंभ किया।
वहीं मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थी बालिकाओं शानवी गुप्ता, काव्या कश्यप, नैंसी रावत, साक्षी कुमारी, अभिश्री गुप्ता और शायरा बानो को चेक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बालिकाओं से संवाद कर उन्हें उपहार भी दिए और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। महिला कल्याण विभाग की छाया बड़वल और उमैरा मेराज के साथ ही महिला सुरक्षा में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पुलिस निरीक्षक नीलम राणा, मुख्य आरक्षी वेदवती और शिमला सिंह को सम्मानित किया गया। इसके अलावा बाल विवाह रोकथाम और 181 महिला हेल्पलाइन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कुमारी नैंसी, पायल, स्नेहलता और दीप्ति को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राजकीय गृहों और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कई छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। वहीं शैलवी शारदा, कीर्ति करमचंदानी, आनंदी अग्रवाल और गीतांजलि को नारी शक्ति अवार्ड से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किए और 20 महिलाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने चयनित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित