देहरादून , मार्च 09 -- देश में बढ़ती महंगाई और हाल ही में रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ राजधानी देहरादून में सोमवार को महिला कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और सड़क पर बैठकर चूल्हे में सब्जी रोजी बनायी।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस सिलेंडर को उठाकर राजपुर रोड स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय से लेकर कनक चौक तक पदयात्रा निकालते हुए प्रदर्शन किया।उसके बाद कनक चौक के निकट सड़क पर चूल्हा जलाकर रोटी सब्जी बनाई और केंद्र की तरफ से बढ़ाए गए गैस के दामों का विरोध किया गया है।
इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर को फूल माला पहनकर उसकी अंत्येष्टि की। महिलाओं ने धूपबत्ती जलाकर केंद्र सरकार की महंगाई की नीतियों के खिलाफ जोरदार हल्ला बोला।
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने वहां मौजूद पत्रकारों से कहा कि महंगाई के कारण गरीब परिवारों को एक बार फिर पुराने दौर की तरह चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अपने उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए लगातार रसोई गैस के दाम बढ़ा रही है। जिससे आम जनता विशेष कर महिलाओं पर भारी आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार महिला सशक्तिकरण की बात करती है वहीं दूसरी तरफ सीधा हमला किया जा रहा है। प्रदर्शन में शामिल महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं का कहना है कि पिछले 12 वर्षों में केन्द्र और नौ वर्षों से राज्य में भाजपा की सरकार है लेकिन इसके बावजूद महंगाई पर कोई नियंत्रण नहीं है। हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 65 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में करीब 150 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ जहां लोगों की आय नहीं बढ़ पा रही है, वहीं दूसरी तरफ रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के दामों में निरंतर वृद्धि की जा रही है। इससे आम आदमी का बजट पूरी तरह से बिगड़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित