पटना , फरवरी 06 -- पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में शुक्रवार को द्वितीय बिहार महिला कबड्डी लीग के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल आयोजित किया गया।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि द्वितीय बिहार महिला कबड्डी लीग का आयोजन 06 से 12 मार्च तक पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और बिहार कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

श्री शंकरण ने बताया कि इस प्रतियोगिता में छह टीमें हिस्सा लेंगीं। आज इसी प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए खिलाडियों का चयन ट्रायल लिया जा रहा था। उन्होंने बताया कि पूरे बिहार से 450 से ज्यादा ल़डकियों ने इसमें भाग लिया है। इनके बीच से 120 प्रतिभावान खिलाडियों को प्रशिक्षण शिविर के लिए चुना गया है। चुनी गई खिलाड़ियों का 16 फरवरी से प्रशिक्षण कैंप लगेगा जिनमें कुशल प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षित कर इन्हें प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जाएगा।

श्री शंकरण ने कहा कि प्रशिक्षण के बाद इन खिलाडियों को छह टीमों के बीच क्षमता और गुणवत्ता में बराबरी के साथ बांटा जाएगा ताकि कोई टीम बहुत मजबूत या कोई टीम बहुत कमजोर ना रहे। प्रशिक्षण के बाद हर टीम में 14 खिलाड़ी और तीन अतिरिक्त खिलाड़ी रहेंगे।पिछली बार की महिला कबड्डी लीग की सफलता के बाद ल़डकियों में इस प्रतियोगिता का क्रेज काफी बढ़ा है इसलिए इस बार के चयन ट्रायल में खिलाडियों ने इतना बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया है। यह बिहार में कबड्डी और खासकर महिला कबड्डी के लिए काफी महत्वपूर्ण और उत्साहवर्धक है। उन्होंन चयन ट्रायल की सफलता के लिए बिहार कबड्डी संघ और चयनकर्ताओं का शुक्रिया और आभार व्यक्त किया।

खिलाडियों के चयन के लिए विशेषज्ञ के रूप में हैदराबाद की मंगला देसाई ,पटना की अमिता सिंह और मद्य निषेध विभाग पटना के रमेश कुमार यादव उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित