श्रीगंगानगर , अप्रैल 28 -- केंद्र सरकार पर महिलाओं के सशक्तीकरण का 'ढोंग' करने का आरोप लगाते हुए राजस्थान में श्रीगंगानगर में मंगलवार को महिला कांग्रेस ने जिला कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंका।
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष कमला बिश्नोई ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि तीन वर्ष पहले देश की संसद में महिला आरक्षण विधेयक पारित हो चुका है, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया। हर चुनाव के समय सरकार इसे मुद्दा बनाकर महिलाओं को मूर्ख बनाती है। हम देश की आधी आबादी के हक की लड़ाई लड़ रही हैं। केंद्र सरकार महिलाओं को सशक्तीकरण का सपना दिखाकर वोट तो ले लेती है, लेकिन सत्ता में आते ही उनके अधिकारों को टालती रहती है।
धरने और प्रदर्शन में सैकड़ों महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। सुश्री बिश्नोई ने आरोप लगाया कि केंद्र की 'नारी शक्ति' की बातें सिर्फ चुनावी वायदे तक सीमित रह गयी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित