भोपाल , अप्रैल 19 -- मध्यप्रदेश में महिला आरक्षण के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी सोमवार को प्रदेशभर में आक्रोश रैली और नारी शक्ति वंदन पदयात्रा आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में यह घोषणा करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र भी बुलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संसद में महिला आरक्षण से जुड़े घटनाक्रम निंदनीय हैं और इससे लोकतंत्र आहत हुआ है। उन्होंने कहा कि द्रौपदी का चीरहरण का उदाहरण इतिहास में सुना गया, लेकिन संसद में जिस प्रकार की स्थिति बनी, वह अत्यंत कष्टकारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने महिलाओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ किया है।
डॉ. यादव ने विपक्ष को कौरव पक्ष की संज्ञा देते हुए कहा कि दुर्योधन और दुशासन की तरह व्यवहार किया गया। उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनका आचरण निंदनीय है और ऐसे घटनाक्रम से लोगों में आक्रोश है। उन्होंने कुछ दलों पर अलगाववादी मानसिकता का आरोप भी लगाया।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व में भी महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर गलत रुख अपनाया गया और अब भी महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत स्तर पर निंदा प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर इस विषय पर चर्चा की जाएगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने विपक्ष पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप लगाया। वहीं पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहा कि महिलाओं को आरक्षण देने के प्रयासों का विपक्ष ने विरोध किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित