पटना, 23 अप्रैल 2026 (वार्ता) बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम ने महिला आरक्षण कानून 2023 को तत्काल लागू कराने की मांग को लेकर राज्यभर में जिला और प्रखंड स्तर पर आंदोलन चलाने के निर्देश दिये हैं। इस संबंध में सभी जिला अध्यक्ष,जिला कांग्रेस कमिटियों को आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।
पार्टी के मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला आरक्षण विधेयक-2023 को लोकसभा, राज्यसभा और राष्ट्रपति द्वारा पारित किया जा चुका है, इसके बावजूद केंद्र सरकार द्वारा इसे लागू करने में देरी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 'परिसीमन' जैसी शर्तों को जोड़कर जानबूझकर इसे लागू करने में देरी की जा रही है, जो महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय है।
कांग्रेस ने मांग की है कि चूंकि विधेयक पारित हो चुका है, इसलिए इसे आगामी चुनावों से ही लागू किया जाए। पार्टी ने इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की नीतियों के खिलाफ व्यापक जन-आंदोलन चलाने का निर्णय लिया है।
प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में धरना-प्रदर्शन, जनसभा और पुतला दहन जैसे कार्यक्रम आयोजित कर जनता को जागरूक करें। आंदोलन का उद्देश्य महिला आरक्षण को जल्द लागू कराने के लिए दबाव बनाना है।इसके साथ ही, सभी इकाइयों को कार्यक्रमों की फोटो और वीडियो रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित