वाराणसी , मई 7 -- वाराणसी में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने गुरुवार को जिला कारागार, चौकाघाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला कारागार की महिला बैरक में निरुद्ध महिला कैदियों एवं उनके साथ रह रहे बच्चों को मिष्ठान्न, फल तथा बच्चों के लिए खिलौनों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर सदस्य ने महिला कैदियों के कौशल विकास एवं पुनर्वास के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने हेतु जेल अधीक्षक को निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जो महिलाएं किसी भी प्रकार की आय अर्जित कर रही हैं, उन्हें अपनी आय स्वयं सुरक्षित रखनी चाहिए तथा आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। जिला कारागार निरीक्षण के उपरांत सर्किट हाउस स्थित सभागार में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
जनसुनवाई में कुल 35 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 5 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। प्राप्त प्रकरणों में भूमि विवाद से संबंधित मामलों की संख्या सबसे अधिक रही।
इसके अतिरिक्त महिला उत्पीड़न, नौकरी के नाम पर धनराशि लेने, मकान पर अवैध कब्जा तथा उपचार संबंधी प्रकरण भी प्राप्त हुए। माननीय सदस्य, राज्य महिला आयोग द्वारा समस्त प्रार्थना-पत्रों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु अग्रसारित किया गया। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों से उनके विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी ली गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित