जयपुर , मई 02 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण कौशल का प्रशिक्षण दिए जाने के निर्देश दिये हैं।
श्रीमती दिया कुमारी ने शनिवार को यहां उनकी अध्यक्षता में आयोजित विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिये। उन्होंने भविष्य में एआई की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए बालिकाओं और महिलाओं को कौशल विकास के प्रशिक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) के इस दौर में तकनीकी प्रशिक्षण से ही महिलाओं की आजीविका सुनिश्चित हो सकती है। उन्होंने इसके लिए महिला अधिकारिता निदेशालय द्वारा गुणवत्ता पूर्ण तकनीक आधारित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिये।
उन्होंने लाडो प्रोत्साहन योजना पर चर्चा कर, पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभान्वित करने के निर्देश दिये। उन्होंने ने काली बाई भील उड़ान योजना की समीक्षा करते हुए योजना का प्रभावी क्रियान्वयन करने के लिए आवश्यक उपाय किये जाने के निर्देश दिये।
इसी के साथ उन्होंने शिक्षा सेतु योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और मुख्यमंत्री वर्क फ्रॉम होम योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने राज्य सरकार की बजट घोषणाओं का समयबद्ध से क्रियान्वयन करने के भी निर्देश दिये।
श्रीमती दियाकुमारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं जैसे विद्युत, पेयजल और क्रियाशील शौचालय के कार्यों में तीव्र प्रगति लाने के निर्देश दिये। उन्होंने राज्य में आंगनबाड़ी केंद्रों पर आधारभूत सुविधाएं विकसित करने हेतु निर्माण एवं मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश दिये कि जो निर्माण कार्य पूरे हो गये हैं उनका उच्चाधिकारी निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन करें। इसी प्रकार उन्होंने प्रगतिरत कार्यों का भी निरीक्षण कर उनमें तेजी लाने के निर्देश दिए इसके साथ ही उन्होंने अप्रारम्भ कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि ये कार्य अप्रारम्भ क्यों हैं इसका समाधान कर कार्य शीघ्र प्रारम्भ करवाये जाने के निर्देश भी दिये। इसके साथ ही इस वर्ष आंगनबाड़ियों को 7 हजार 500 नए नंद घर विकसित करने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित