मुरादाबाद , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य संगीता जैन ने कहा कि आयोग महिलाओं की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले उत्पीड़न को रोकने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए आयोग लगातार कार्य कर रहा है। श्रीमती जैन शुक्रवार को सर्किट हाउस में महिलाओं से जुड़े उत्पीड़न और अन्य मामलों की जनसुनवाई कर रही थीं। इस दौरान तीन शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही समाधान कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि कोई महिला किसी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न का सामना कर रही है तो वह निडर होकर अपनी बात रखे, आयोग उसकी शिकायतों की सुनवाई सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भर और सशक्त बनने की अपील करते हुए कहा कि अपनी समस्याओं को छिपाने के बजाय खुलकर सामने लाना चाहिए, ताकि समय पर न्याय मिल सके। आयोग महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर उपनिदेशक महिला कल्याण राजेश चंद्रगुप्त, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास सिंह, सीओ सिविल लाइन कुलदीप कुमार गुप्ता, महिला थाना प्रभारी वंदना सिंह, राजकीय महिला शरणालय की प्रेरणा सिंह और जेल अधीक्षक आलोक सिंह सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित