नैनीताल , फरवरी 02 -- उत्तराखंड में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने राजधानी देहरादून में महिलाओं की हो रही नृशंस हत्या पर धामी सरकार और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने पुलिस को लूट का साधन बनाया है। खुलेआम जिले और थाने नीलाम हो रहे हैं। इसलिए पुलिस तमाशबीन बनी हुई है।

जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि पांच दिन में तीन महिलाओं की नृशंस हत्या हुई है। जब प्रदेश की राजधानी में कानून व्यवस्था का यह हाल है तो राज्य के अन्य हिस्सों का भगवान ही मालिक है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 4 दिन पूर्व राजधानी देहरादून के विकासनगर में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली बालिका की दरांती से काटकर नृशंस हत्या कर दी गई। इसके बाद ऋषिकेश में एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आज देहरादून कोतवाली से कुछ दूरी पर दिनदहाड़े एक युवती की चापड़ से काटकर निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी गई।

नेता प्रतिपक्ष ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने पुलिस को लूट का साधन बनाया है। खुलेआम जिले और थाने नीलाम हो रहे हैं। अच्छे अधिकारियों को हाशिए पर डाल दिया गया है और लूट विशेषज्ञों को जिलों की कमान दी गई है। नतीजे सामने हैं।

उन्होंने कहा कि देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में जघन्य हत्याओं, लूटों और जघन्य अपराधों के बाद भी जिला पुलिस के जिम्मेदार अधिकारियों को वहीं बनाए रखा है। यही हाल रहा तो उत्तराखण्ड देवभूमि के बदले अपराध भूमि के नाम से जानी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित