चंडीगढ़ , मई 05 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ''विकसित भारत 2047'' का लक्ष्य महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं है। जब महिलाएं आगे बढ़ेंगी, तभी देश नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

श्री सैनी मंगलवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में ''सशक्त महिलाएं, सशक्त समाज, सशक्त राष्ट्र'' विषय पर आयोजित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे।

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कहा कि महिलाओं को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला मानते हुए सरकार निरंतर उनके विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों को विकसित भारत के चार स्तंभ बताते हुए इनके सशक्तिकरण पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से महिलाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। आज बेटियां बिना डर के उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि परिसर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्राओं को फीस में 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। इसके अलावा लगभग 300 शोधार्थियों व अंतरराष्ट्रीय छात्राओं के लिए आधुनिक छात्रावास का निर्माण भी किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित