उदयपुर , फरवरी 12 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने गुरूवार को कहा कि राज्य में भजनलाल सरकार द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत बजट महिला, गरीब, किसान एवं युवाओं को समर्पित है।

वह यहां पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में भजनलाल सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार का बजट उसका आईना होता है। राज्य सरकार ने इस बजट में बुनियादी विकास की जरूरत को पूरा करने के लिए सडक, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं पेयजल पर पूरा फोकस किया गया है।

उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार ने वर्ष 2047 तक भारत विकसित देश बने, इसी के तहत बजट में प्रावधान किया गया है और विकसित देश में राजस्थान का अहम योगदान रहे। उन्होंने कहा कि यह बजट सीधे सीधे 2047 में एक विकसित राजस्थान एवं विकसित भारत को फोकस किया है।

डॉ. पूनियां ने कहा कि बजट में बुनियादी विकास के साथ.साथ सामाजिक सुरक्षा, घूमंतु जातियों के बच्चों के पढने के लिए प्रावधान एवं औद्योगिक विकास पर ध्यान केन्द्रित किया गया है। मानव संसाधन एवं युवा शक्ति को ताकत कैसे हो, इस पर फोकस किया गया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान मे पर्यटन बहुत महत्व रखता है। बजट में इसके लिए शेखावाटी की हवेलियों को संरक्षित करने और रेगिस्तान में पर्यटन को बढावा देने पर ध्यान दिया गया है। इसके अलावा किसानों का उत्पादन बढाने और आय दुगुनी करने के लिए खेती में नवाचार के लिए बडी राशि की घोषणा की गयी हैं।

उन्होंने कहा कि यह बजट अब तक का सबसे बडे आकार का बजट है जो पिछले बजट से 41 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के स्थान पर शुरू की गयी वीबी जीरामजी योजना के लिए इस बजट में चार हजार करोड रूपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आम आदमी में भरोसा पैदा करने वाला बजट है। इससे आने वाले समय में इस बजट से राजस्थान के विकास को गति मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित