महासमुंद , मार्च 18 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में चल रही सघन वाहन जांच के दौरान आज पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कोमाखान थाना क्षेत्र के टेमरी नाका पर जांच के दौरान एक कार से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 54 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, नियमित जांच के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन के भीतर रखे तीन बैगों से कुल 21 किलो से अधिक चांदी के आभूषण मिले। कार में सवार दो व्यक्तियों से जब इन आभूषणों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, तो वे कोई संतोषजनक कागजात नहीं दिखा सके।

दोनों व्यक्तियों की पहचान रायपुर निवासी विरेन्द्र प्रधान (50) और टिकेश कुमार साहू (38) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे ओडिशा से रायपुर की ओर आ रहे थे।

दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने दोनों को नोटिस जारी करते हुए गवाहों की मौजूदगी में आभूषणों और वाहन को जब्त कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है, जिसमें आभूषणों के स्रोत और परिवहन के उद्देश्य का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित