महासमुंद , दिसंबर 17 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलसोंडा के पास मंगलवार देर रात एक युवक ने पैसे के लेन-देन से आहत होकर मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलने पर 112 की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज महासमुंद के एक निजी अस्पताल में जारी है।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घायल युवक की पहचान लोकेश चंद्राकर के रूप में हुयी है। वह बेमचा गांव का रहने वाला है। घटना के बाद परिजनों ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में पिता भोला प्रसाद चंद्राकर ने बताया कि कल देर रात लोकेश ने बेलसोंडा में ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।

परिजनों का कहना है कि लोकेश की डायरी और उसके दोस्तों से मिली जानकारी के अनुसार, उसे अविनाश चंद्राकर से ठेकेदारी के काम के एवज में लगभग 56 लाख रुपये लेने थे। बार-बार मांग के बावजूद भुगतान नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान था और इसी कारण उसने यह कदम उठाया।

बताया जा रहा है कि अविनाश चंद्राकर ठेकेदार है, जबकि लोकेश उसके लाइसेंस पर पेटी ठेकेदार के रूप में काम करता था। लंबे समय से भुगतान न मिलने से लोकेश तनावग्रस्त था।

इस मामले को लेकर परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है, मामले की जांच की जा रही है, जांच उपरांत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित