महासमुंद, जनवरी 12 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सिंघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत छुईपाली के समीप सोमवार को गैस सिलेंडरों से भरे एक पिकअप वाहन में अचानक विस्फोट हो गया जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चलते वाहन में अचानक आग लगने के बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते पिकअप से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही पलों में वाहन में रखे सिलेंडर बाहर गिरने लगे और एक के बाद एक जोरदार धमाकों के साथ फट गए। विस्फोट इतना भीषण था कि आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठती दिखाई दीं और आसपास का क्षेत्र दहल उठा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए यातायात को नियंत्रित किया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

फिलहाल पुलिस द्वारा आग लगने और सिलेंडरों के विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने धमाके का वीडियो भी रिकॉर्ड किया है, जो सोशल मीडिया पर वारयर हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित