महासमुंद , मार्च 27 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के 225 किलोग्राम गांजा के साथ छह तस्करों को गिरफ्तार किया, जिसकी जानकारी शुक्रवार को पुलिस ने दी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे थे। सिंघोडा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेहटीखोल के पास घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा।

बताया गया है कि आरोपी एक पिकअप वैन में नौ बोरियों में भरे 213 पैकेट गांजा परिवहन कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पिकअप वाहन में दो लोग सवार थे जबकि एक अन्य पायलट वाहन में चार आरोपी मौजूद थे।

गिरफ्तार आरोपियों में दो मध्यप्रदेश और चार उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, जिनकी उम्र 23 से 48 वर्ष के बीच बताई गई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो वाहन सहित कुल 225 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। सभी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित