महासमुंद , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक अज्ञात युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में सोमवार को शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खट्टी स्थित शराब भट्ठी के पीछे जंगल में आज करीब 25 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
प्रारंभिक जांच में युवक के गले, नाक और मुंह पर कटने के निशान पाए गए हैं, जबकि उसके गले में गमछा लिपटा हुआ था। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर कोटवार की सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित