हरिद्वार, फ़रवरी 10 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए इस जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापक अभियान छेड़ दिया है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण और कार्रवाई की गई।
देर रात्रि उपायुक्त गढ़वाल आर.एस. रावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इब्राहिमपुर स्थित पनीर व दही निर्माण इकाई पुंडीर फैक्ट्री पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री बिना फूड लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित पाई गई। मौके पर अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने एवं अन्य गंभीर अनियमितताओं के चलते फैक्ट्री को अग्रिम आदेशों तक बंद करा दिया गया। कार्रवाई के दौरान पनीर व दही के दो नमूने लेकर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर जांच के लिए भेजे गए। छापेमारी के समय पथरी थाना पुलिस भी मौजूद रही।
इसी क्रम में कांवड़ पटरी मार्ग पर चंडी पुल से चिड़ियापुर तक स्थित अस्थाई खाद्य स्टॉल एवं भंडारों का निरीक्षण किया गया। टीम ने खाद्य विक्रेताओं को साफ-सफाई, कूड़े के उचित निस्तारण, रेट लिस्ट चस्पा करने तथा खाद्य पंजीकरण कराने के सख्त निर्देश दिए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कोल्ड ड्रिंक के दो गोदामों का निरीक्षण किया गया, जहां माजा और फेंटा कोल्ड ड्रिंक के नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण में पाई गई अनियमितताओं के संबंध में दोनों गोदाम संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित