कानपुर , फरवरी 15 -- आदिदेव शिव और शक्ति की देवी पार्वती के विवाह का प्रतीक महाशिवरात्रि पर्व रविवार को पूरे देश में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में गंगा पर बसे औद्योगिक नगर कानपुर में शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ घुमड़ रहा है।

हर हर महादेव, हर हर बम बम के उदघोष के साथ श्रद्धालु अपने आराध्य के दर्शन कर रहे हैं। दुग्ध,दही,गंगा जल, धतूरा, बेर, शमी पत्र, पुष्प,चंदन,गन्ना,शहद और इत्र के साथ भगवान भोलेनाथ के अभिषेक के लिये श्रद्धालुओं की कतार लगी हुयी है। स्नान ध्यान का यह सिलसिला भोर से जारी है। आनंदेश्वर मंदिर,सिद्धेश्वर मंदिर, वनखंडेश्वर मंदिर,नागेश्वर मंदिर,खेरेश्वर मंदिर समेत हजारों छोटे बड़े शिवालयों में ध्यान अराधना का क्रम निरंतर जारी है। शाम के समय कई स्थानों पर शिव बारात का आयोजन किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित