वाराणसी , फरवरी 7 -- महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से श्री काशी विश्वनाथ महादेव के लिए विशेष उपहार एवं प्रसाद प्रेषित किया गया। यह भेंट शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास कार्यालय में प्राप्त हुई। मंदिर न्यास ने इस पहल को सनातन परंपरा को सुदृढ़ करने वाला नवाचार बताते हुए श्राइन बोर्ड के प्रति आभार व्यक्त किया।
न्यास के अनुसार इस वर्ष महाशिवरात्रि महोत्सव में देश के विभिन्न प्रमुख देवालयों से भगवान विश्वनाथ के लिए शुभकामनापूर्वक उपहार भेजे जाने की परंपरा की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में माता वैष्णो देवी-शक्ति स्वरूपा-की ओर से काशी में विराजमान भगवान विश्वेश्वर को अर्पित यह भेंट शक्ति और शिव के शाश्वत संबंध का प्रतीक मानी जा रही है।
मंदिर प्रशासन ने कहा कि यह पहल श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभव का माध्यम बनेगी तथा सनातन आस्था के केंद्रों के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और सुदृढ़ करेगी। न्यास ने यह भी संकेत दिया कि माता वैष्णो देवी के प्रमुख उत्सव पर काशी की ओर से भी उपहार प्रेषित किए जाने की योजना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित