मुरादाबाद / अमरोहा , फरवरी 13 -- आगामी 15 फरवरी को पड़ने वाली (फाल्गुनी) महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मुरादाबाद मंडल के मुरादाबाद व अमरोहा जिलों में यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। दिल्ली-मुरादाबाद और हरिद्वार-गजरौला मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाते हुए छोटे वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है।

पुलिस प्रशासनिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि हरिद्वार और बृजघाट से गंगाजल भरकर लौट रहे कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बदायूं-बिल्सी-हरिद्वार स्टेट हाईवे-51 तथा दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-09 के जरिए बड़ी संख्या में कांवड़िए गुजर रहे हैं, जिससे मार्गों पर भारी दबाव है। 'बोल बम' और 'हर हर महादेव' के जयघोष से क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। कांवड़ियों की सेवा के लिए स्वयंसेवी संगठनों द्वारा जगह-जगह शिविर लगाए गए हैं।

कांवड़ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए मंडी धनौरा, गजरौला, नौगांवा सादात और हसनपुर क्षेत्रों में पुलिस पिकेट, बैरिकेडिंग और अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। अमरोहा जिले से गुजरने वाली कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार सुबह आठ बजे से भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी गई है।

प्रशासन के अनुसार आवश्यक वस्तुएं जैसे दूध, फल, सब्जी, गैस और पेट्रोलियम पदार्थ ले जाने वाले वाहनों को छूट दी गई है, जबकि बिजनौर और हरिद्वार की ओर जाने वाले अन्य सभी भारी वाहन शेरुआ-बिजनौर मार्ग से प्रतिबंधित रहेंगे। ऐसे वाहन बिलारी, सिरसी, सम्भल, गवां, नरौरा, डिबाई, शिकारपुर, बुलन्दशहर, हापुड़ और मेरठ मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वापसी भी इन्हीं मार्गों से होगी।

मुरादाबाद से बिजनौर और हरिद्वार जाने वाली रोडवेज एवं निजी बसें हरपालनगर/लाजपत नगर बस स्टैंड से हनुमान मूर्ति, काशीपुर तिराहा, ठाकुरद्वारा, काशीपुर, जसपुर, भूतपुरी चौराहा (अफजलगढ़), रहेड़, शेरकोट, धामपुर और नहटौर मार्ग से संचालित होंगी। दिल्ली और मेरठ जाने वाले भारी मालवाहक वाहन भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजे जा रहे हैं।

मुरादाबाद से रामपुर जाने वाले भारी वाहन और बसें कुन्दरकी, बिलारी और शाहबाद होते हुए जाएंगी। रोडवेज बसों के लिए नया मुरादाबाद एमडीए कार्यालय के सामने अस्थायी बस स्टैंड बनाया गया है। रामपुर से मुरादाबाद आने वाली बसें एनएच-09 के जरिए दलपतपुर जीरो प्वाइंट, काशीपुर तिराहा होते हुए अस्थायी बस स्टैंड तक आएंगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ियों की संख्या में वृद्धि होने पर डायवर्जन व्यवस्था में आवश्यकता अनुसार परिवर्तन किया जा सकता है। आमजन से अपील की गई है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें, ताकि महाशिवरात्रि पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित