लखनऊ , फरवरी 15 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवाधिदेव महादेव की उपासना को समर्पित पावन पर्व 'महाशिवरात्रि' के अवसर पर प्रदेशवासियों और तीर्थराज प्रयाग में स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि महाशिवरात्रि के पावन स्नान पर्व पर आज तीर्थराज प्रयाग की त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाने के लिये पधारे सभी पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, कल्पवास के लिए आए साधकों एवं श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन है। उन्होंने प्रार्थना की कि देवाधिदेव महादेव एवं पुण्य प्रदायिनी मां गंगा की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे। साधकों की साधना सफल हो तथा श्रद्धालुओं के मनोरथ पूर्ण हों। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश का समापन 'हर हर महादेव' के उद्घोष के साथ किया।
गौरतलब है कि प्रयागराज में महाशिवरात्रि के अवसर पर गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती नदी के पवित्र संगम में स्नान करने वालों का तांता लगा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु रविवार सुबह से ही संगम नोज पर स्नान करने के लिए पहुंचने लगे थे। गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती नदी के पवित्र संगम की रेती पर लगे विश्व के सबसे बड़े धार्मिक और आध्यात्मिक सालाना मेले का रविवार को 44वां और अंतिम दिन है। माघ मेले के छठवें और आखिरी स्नान पर्व यानी महाशिवरात्रि पर रविवार को त्रिवेणी संगम में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
पुलिस, पीएसी और आरएएफ को तैनात किया गया है। वहीं एटीएस के कमांडो भी मेले में चप्पे पर नजर रख रहे हैं। मेले की सुरक्षा मे 400 सीसीटीवी कैमरों से कराई जा रही है। इसमें डेढ़ सौ से ज्यादा एआई कैमरे भी लगाए गए हैं। आज करीब एक करोड़ श्रद्धालुओं के पवित्र स्नान करने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित