वाराणसी , फरवरी 13 -- महाशिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत पंचकोसी परिक्रमा एवं महापर्व के दिन श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन के लिये निर्धारित मूवमेंट प्लान की स्थलीय समीक्षा एवं विस्तृत निरीक्षण मंदिर न्यास के अधिकारियों तथा पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कार्मिकों के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न मार्गों, प्रवेश एवं निकास बिंदुओं तथा संवेदनशील स्थलों का सूक्ष्म परीक्षण कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। धाम परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था, ग्लूकोज/ओ.आर.एस./गुड़ वितरण केंद्र, सुसज्जित मेडिकल हेल्प डेस्क, खोया-पाया केंद्र तथा आपातकालीन सहायता केंद्र की व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं।

विशेष रूप से मणिकर्णिका घाट पर कार्यरत एजेंसी को निर्देशित किया गया है कि मणिकर्णिका घाट एवं ललिता घाट को जोड़ने वाले मार्गों को समतल एवं सुरक्षित रूप से आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि पंचकोसी परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो। संबंधित कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं।

मंदिर न्यास द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि महाशिवरात्रि महापर्व के अवसर पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आध्यात्मिक वातावरण में दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो। प्रशासन एवं मंदिर प्रबंधन पूर्ण समर्पण एवं तत्परता के साथ व्यवस्थाओं के क्रियान्वयन में संलग्न है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित